नवतत्त्व प्रकरण प्रश्नोत्तरी
नवतत्त्व प्रकरण प्रश्नोत्तरी प्रश्न- 1 तत्त्व किसे कहते है ? जवाब- 1 चौदह राजलोक रुप जगत में रहे हुए पदार्थों के लक्षण, भेद, स्वरुप आदि को जानना, तत्त्व कहलाता है । प्रश्न- 2 तत्त्व कितने और कौन कौन से होते है ? जवाब- 2 तत्त्व नौ हैं – 1.जीव 2.अजीव 3.पुण्य 4.पाप 5.आश्रव 6.संवर 7.निर्जरा 8.बंध 9.मोक्ष । प्रश्न- 3 जीव तत्त्व किसे कहते है ? जवाब- 3 जीवों के लक्षण, भेद, स्वरुप आदि को जानना जीव तत्त्व है । प्रश्न- 4 जीव किसे कहते है ? जवाब- 4 जो शुभाशुभ कर्मो का कर्ता-हर्ता तथा भोक्ता हो, जो सुख-दुःख रुप ज्ञान के उपयोग वाला हो, जो चैतन्य-लक्षण से युक्त हो, जो प्राणों को धारण करता हो, वह जीव कहलाता है । प्रश्न- 5 प्राण किसे कहते है ? जवाब- 5 " प्राणिति जीवति अनेनेति प्राणः " अर्थात् जिसके द्वारा जीव में जीवत्व है, इसकी प्रतीति होती है, वह प्राण कहलाता है । प्रश्न- 6 अजीव किसे कहते है ? जवाब- 6 जीव से विपरीत लक्षण वाला अजीव कहलाता है । जो चैतन्य लक्षण रहित जड स्वभावी हो, सुख-दुःख का अनुभव न करे, प्राणों को धारण न करे, वह अजीव कहलाता है । प्रश्न- 7 पुण्य किसे कहते है ? जवाब- 7 जो आत्...